पलासी (अररिया)। प्रखंड क्षेत्र के हसनपुर गोदान स्थित एसपी एचपी गैस एजेंसी पर रविवार को एलपीजी गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई दिनों से गैस की आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
रविवार को जैसे ही गैस की गाड़ी एजेंसी परिसर में पहुंची, बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए वहां पहुंच गए। देखते ही देखते एजेंसी के बाहर लंबी कतार लग गई और उपभोक्ताओं को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए घंटों खड़ा रहना पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण एजेंसी परिसर में अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से एलपीजी गैस की आपूर्ति नहीं होने के कारण घरों में रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आए उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी का चक्कर लगाना पड़ रहा था। रविवार को गैस की गाड़ी पहुंचने की खबर मिलते ही आसपास के कई गांवों से लोग सिलेंडर लेने पहुंच गए।
एजेंसी के डाटा ऑपरेटर प्रमोद कुमार ने बताया कि बीते कुछ दिनों से गैस की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही थी, जिसके कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल रहा था। रविवार को गैस की गाड़ी पहुंचने के बाद उपभोक्ताओं को सिलेंडर वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस बीच कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अंतरराष्ट्रीय हालात और संभावित युद्ध की स्थिति के कारण गैस की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिसके चलते लोगों में चिंता का माहौल देखा गया। हालांकि एजेंसी की ओर से इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संबंधित विभाग और गैस एजेंसी को आपूर्ति व्यवस्था को नियमित और सुचारु बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
स्थानीय उपभोक्ताओं ने मांग की है कि एलपीजी गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी और लंबी कतारों से गुजरना न पड़े।
