सहरसा पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ बना राहत का जरिया

सहरसा : पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी लगातार जारी है। 16 अगस्त 2024 से शुरू इस अभियान ने अब तक सैकड़ों लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी है।

पुलिस के अनुसार, फेज-01 से फेज-06 तक कुल 288 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किए गए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत 41,88,785 रुपये आंकी गई है। इसी कड़ी में 28 फरवरी 2026 को चलाए गए फेज-07 में 64 मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित लोगों को सौंपे गए, जिनकी अनुमानित कीमत 14,52,364 रुपये बताई गई है।

अब तक कुल सात चरणों में 352 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत 56,41,149 रुपये है। लगातार हो रही इस कार्रवाई से आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है।

पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कोशी क्षेत्र पुलिस उप-महानिरीक्षक कुमार आशीष और पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ बरामदगी नहीं, बल्कि लोगों का विश्वास कायम रखना है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत दूरसंचार विभाग के सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक करने में मदद मिलती है।

ऑपरेशन मुस्कान के जरिए सहरसा पुलिस तकनीक और तत्परता के साथ नागरिकों को राहत पहुंचाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *