सहरसा जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवान टोला, वार्ड संख्या 13 में 32 वर्षीय विवाहिता पूजा कुमारी उर्फ सोनी कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका के पति सोनू कुमार झा हैं। ससुराल पक्ष की ओर से मायके वालों को सूचना दी गई कि पूजा कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
मायके पक्ष ने शव की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया है। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है और घटना की सच्चाई छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल ससुराल पक्ष से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर एंगल से जांच जारी है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों की नजर अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे इस रहस्यमयी मौत का सच सामने आ सके।