जहां पिता की हुई थी हत्या, वहीं बेटे को अपराधियों ने कर दिया मर्डर

वर्ष 2015 में पिता की हत्या के मामले में बेटा था गवा

बखरी, बेगूसराय। अपराधियों के हौसले इन दिनों बुलंद नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला परिहारा थाना क्षेत्र का है, जहां अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिहारा गांव निवासी स्वर्गीय राजेंद्र सहनी के 29 वर्षीय पुत्र बिरजू सहनी की रविवार की देर शाम अपराधियों ने हत्या कर दी। बताया जाता है कि बिरजू खाना खाने के बाद मोइन नदी के बांध पर टहलने के लिए गया था। इसी दौरान अपराधियों ने उसे पकड़ लिया और बांध के नीचे ले जाकर बेरहमी से पहले पिटाई की, फिर उसके बाद गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, मृतक की पत्नी भावना लगभग सात महीने की गर्भवती है। वह अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए करीब डेढ़ माह पहले बेंगलुरु से घर लौटा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की बहन रानी देवी ने बताया कि वर्ष 2015 में इसी स्थान पर उनके पिता राजेंद्र सहनी की भी हत्या कर दी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि पिता के हत्या मामले में गवाह रहने के कारण अपराधियों ने बिरजू की हत्या की है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, सोमवार की सुबह घटनास्थल का जायजा एफएसएल की टीम ने लिया।

संवाददाता नन्दकिशोर दास की रिपोर्ट 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *