प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत
अररिया : भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण 2026” के तहत जिला स्तरीय योजना बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री राकेश कुमार उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य 7 मार्च से 14 अप्रैल के बीच जिले के सभी मंडलों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करना था। इस दौरान प्रशिक्षण के स्वरूप, विषय-वस्तु, समय-निर्धारण, प्रशिक्षकों की नियुक्ति तथा मंडलवार जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा, ताकि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा, नीति और सिद्धांत से भली-भांति परिचित हो सके।
जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती का आधार प्रशिक्षित और जागरूक कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं का वैचारिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त होना आवश्यक है। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों को निर्धारित तिथियों के अनुसार अपने क्षेत्रों में तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री राकेश कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण ही संगठन की ऊर्जा है। यह कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक दक्षता को बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी मंडलों में यह अभियान अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न होगा।
बैठक में जिला प्रभारी विजय कुमार चौधरी उर्फ खोखा बाबू, जिला उपाध्यक्ष किरण कुमारी, प्रताप नारायण मंडल, राजेश चन्द्र झा, जिला महामंत्री आकाश राज, राजेंद्र यादव, जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, जिला मंत्री कनकलता झा, सुष्मिता ठाकुर, कार्यालय मंत्री नीरज कुमार, आलोक साह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवीन कुमार, विकास कुमार, गंगा ऋषिदेव सहित सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।
अंत में जिला उपाध्यक्ष अंजूलता झा ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की मजबूती के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।