
दिलीप बिश्वास पलासी अररिया प्रखंड क्षेत्र के दुग्ध उत्पादक किसानों के लिए बड़ी पहल की गई है। कोसी डेयरी प्रोजेक्ट के तहत पलासी में 5000 लीटर क्षमता वाले बल्क मिल्क कूलर का शुभारंभ जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन ने किया। कूलर के चालू होने से क्षेत्र के पशुपालक किसानों को दूध संग्रहण और शीतलीकरण की बेहतर सुविधा मिलेगी।
उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि दुग्ध उत्पादन किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। दुग्ध सहकारी समितियों और आधुनिक दूध संग्रहण व्यवस्था के माध्यम से किसानों को उनके दूध का उचित मूल्य दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों और डेयरी पदाधिकारियों को समितियों के माध्यम से नियमित दूध संग्रहण सुनिश्चित करने तथा किसानों को दूध की गुणवत्ता और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।
पहले दिन 450 लीटर दूध का हुआ संग्रहण
बल्क मिल्क कूलर के संचालन के पहले दिन 28 दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों द्वारा कुल 450 लीटर दूध उपलब्ध कराया गया। वहीं, जिले में नवगठित 19 दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों को दूध संग्रहण के लिए मिल्क कैन सहित दूध की गुणवत्ता जांच से संबंधित आवश्यक सामग्री और उपकरण उपलब्ध कराए गए।
जिलाधिकारी ने पशुपालक किसानों से दुग्ध उत्पादन को स्थायी एवं अतिरिक्त आय का साधन बनाने तथा अधिक से अधिक किसानों को दुग्ध सहकारी समितियों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समितियों के माध्यम से किसानों को संगठित कर दुग्ध उत्पादन और संग्रहण को और बेहतर बनाया जा सकता है।
मौके पर जिला गव्य विकास पदाधिकारी अररिया, कोसी डेयरी प्रोजेक्ट पूर्णिया के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, प्लांट प्रभारी सहित दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों से जुड़े बड़ी संख्या में पशुपालक किसान मौजूद रहे।