संत कबीर अस्पताल की लापरवाही ने अमित की जिंदगी किया बर्बाद
*जनता की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं :- विधायक कॉ.अजय कुमार*
समस्तीपुर। जिले के दलसिंहसराय शहर स्थित संत कबीर अस्पताल की घोर लापरवाही के कारण विभूतिपुर क्षेत्र के युवा अमित कुमार की जिंदगी बर्बाद हो गई। अस्पताल की लापरवाही के कारण अमित कुमार गंभीर रूप से बीमार होकर विकलांग हो गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि उनकी जान बचाने के लिए पैर काटना पड़ा। वर्तमान में अमित कुमार का इलाज पटना एम्स में चल रहा है। गंभीर स्थिति की सूचना मिलते ही विभूतिपुर विधायक कॉ.अजय कुमार ने पटना एम्स पहुंच कर अमित कुमार एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। विधायक ने परिवार को हर संभव मदद और इलाज में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। विधायक कॉ. अजय कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि संत कबीर अस्पताल की यह लापरवाही सीधे-सीधे एक युवा की जिंदगी से खिलवाड़ है। यह मानवता के खिलाफ अपराध है। वही विधायक ने सरकार से इस मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने,जांच में दोषी पाए गए डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर तुरंत आपराधिक मुकदमा/एफआईआर दर्ज कर जेल भेज भेजने,पीड़ित परिवार को 50 लाख का समुचित मुआवजा देने और अमित के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन करने की मांग किया। साथ ही विधायक कॉ. अजय कुमार ने चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के साथ सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जनता की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।
संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट