ताजपुर/समस्तीपुर। प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के समक्ष खेग्रामस (अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा) के बैनर तले चल रहा सामूहिक सत्याग्रह आंदोलन शुक्रवार को ताजपुर अंचलाधिकारी आरती कुमारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि भूषण द्वारा मांगों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। सत्याग्रह आंदोलन में ग्रामीण गरीबों,भूमिहीनों, मजदूरों एवं किसानों से जुड़ी विभिन्न मांगों को उठाया गया।
आंदोलनकारियों ने मांग की कि जो गरीब जहां बसे हुए हैं, उन्हें पीपीएच एक्ट 1947 के तहत बासगीत पर्चा दिया जाए तथा सभी भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई जाए। साथ ही राशन सूची से गरीबों के नामों की कटौती पर रोक लगाते हुए सभी गरीब परिवारों को राशन उपलब्ध कराने की मांग की गई। मौके पर खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता,भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह,ब्रहमदेव प्रसाद सिंह,राजदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो,मुकेश कुमार गुप्ता,महेश सिंह,नीलम देवी, संजू देवी,ललिता देवी,संजीव राय,मोतीलाल सिंह,बखेरी सिंह,प्रमोद साह,मकसुदन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण गरीब,मजदूर,किसान एवं महिला-पुरुष कार्यकर्ता मौजूद थे।
संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट