आगामी महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। सुंदरनाथ धाम में सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का निरीक्षण किया गया।
कुर्साकाटा/अररिया: आगामी 15 फरवरी से शुरू होने वाले 15 दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। बुधवार को जिलाधिकारी विनोद दूहन और पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने सुंदरनाथ धाम पहुंचकर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और मंदिर कमेटी के साथ बैठक कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर के इतिहास, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और प्रवेश-निकासी मार्गों की व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही माता पार्वती मंदिर के समीप पूर्व में बने नए चबूतरे पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी, मंच निर्माण और मुंडन संस्कार स्थल का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। प्रमुख मार्ग—हत्ता चौक से सुंदरनाथ धाम, रजौला चौक, मधुबनी, चैता चौक, तिरंगा चौक बटराहा और मेंहदीपुर—पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस जवानों और एसएसबी की प्रतिनियुक्ति की योजना बनाई गई, ताकि भीड़ नियंत्रण प्रभावी ढंग से किया जा सके।
बैठक में एसडीएम बीरबल दास, एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर महादेव कामत, कुआड़ी थानाध्यक्ष प्रेम प्रकाश शर्मा, एसएसबी 52वीं लैलोखर के सहायक सेनानायक मोहित भार्गव, बिजली एसडीओ कोमल कुमारी, बीडीओ नेहा कुमारी, सोनामणि गोदाम थानाध्यक्ष चंदन कुमार, बिजली जेई अरविंद कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा मंदिर कमेटी के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी बैठक में शामिल हुए।
अधिकारियों ने अधीनस्थ पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रशासन और मंदिर कमेटी के संयुक्त प्रयास से इस वर्ष महोत्सव को बेहतर और व्यवस्थित बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है।