पलासी में सहयोग शिविर से जगी उम्मीद, उमड़ी भीड़

अररिया जिले के पलासी प्रखंड अंतर्गत बलुआ कलियागंज पंचायत में मंगलवार को जन समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचायत भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, मनरेगा, राजस्व, आयुष्मान योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम आवास, थाना, आंगनबाड़ी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों और आवेदन के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।

पलासी (अररिया): प्रखंड के बलुआ कलियागंज पंचायत भवन में मंगलवार को “सबका सम्मान-जीवन आसान” निश्चय के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता बीडीओ आदित्य प्रकाश ने की। शिविर में जिला वरीय उप समाहर्ता सह प्रखंड प्रभारी पदाधिकारी एस प्रतीक, बीपीआरओ अखिलेश कुमार, सीओ सुशील कांत सिंह, पीओ मोहम्मद अख्तर आलम, आरओ विदिशा सिंह, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी आशिष कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रशासन की ओर से पहले से जागरूकता अभियान चलाए जाने के कारण लोगों की भागीदारी अधिक रही। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों पर स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, मनरेगा, मत्स्य, आयुष्मान कार्ड, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, पीएम आवास योजना, थाना और आंगनबाड़ी से जुड़ी समस्याओं और योजनाओं के आवेदन लिए गए।

44 योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

प्रखंड प्रभारी पदाधिकारी एस प्रतीक ने कहा कि 21 मई से 23 मई तक चिन्हित गांवों में विशेष अभियान चलाकर लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का क्रमवार निष्पादन किया जाएगा तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक पंचायत में हर माह के पहले और अंतिम मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।

बीडीओ आदित्य प्रकाश ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित करीब 44 योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया है। वहीं सीओ सुशील कांत सिंह ने बताया कि पूर्व में मिली 44 शिकायतों का निष्पादन किया जा चुका है तथा नए आवेदनों का निपटारा अगले दस दिनों में किया जाएगा।

पलासी, अररिया से दिलीप बिश्वास की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *