कुर्साकांटा में फर्जी आधार कार्ड सेंटर का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार

अररिया जिले के कुर्साकांटा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित किए जा रहे फर्जी आधार कार्ड निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह केंद्र बिना किसी वैध अनुमति के बाईपास सिस्टम के जरिए आधार कार्ड बनाने और उसमें संशोधन करने का काम कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल ब्रांच और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्तर से जांच शुरू कर दी गई है।

अररिया। पुलिस के अनुसार, बाड़ी टोला वार्ड संख्या 05 में स्थित एक घर में फर्जी आधार कार्ड बनाने का काम चलने की सूचना मिली थी। इसके बाद कुर्साकांटा थाना पुलिस ने चिन्हित स्थान पर छापेमारी की। पुलिस टीम को पहुंचता देख केंद्र संचालित कर रहे दोनों आरोपी खिड़की फांदकर भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आरिफ, पिता मोहम्मद अयूब, निवासी बाड़ी टोला, कुर्साकांटा तथा मोहम्मद आबिद, पिता कलरू उर्फ रकीमुद्दीन, निवासी वार्ड संख्या 10, कुर्साकांटा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप, आई स्कैनर, प्रिंटर और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में इन उपकरणों का उपयोग फर्जी पहचान दस्तावेज तैयार करने में किए जाने की आशंका जताई गई है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने थाना पहुंचकर आरोपियों से पूछताछ की। साथ ही स्पेशल ब्रांच की टीम ने भी मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरोह के कामकाज और नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनकी जांच जारी है।

जिले में पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि इससे पहले पलासी, जोकीहाट सहित अन्य क्षेत्रों में भी फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। कई आरोपियों को जेल भेजा गया था।

फर्जी दस्तावेज इस्तेमाल करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

एसडीपीओ ने स्पष्ट किया है कि पुलिस इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। इस केंद्र से दस्तावेज बनवाने वाले लोगों की पहचान कर उनसे भी पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *