पिपरा विजवार में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप

दिलीप बिश्वास पलासी/अररिया। पलासी थाना क्षेत्र के पिपरा विजवार वार्ड संख्या छह में सोमवार की सुबह एक 38 वर्षीया विवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अख्तरी खातून, पति मो. अफसर, निवासी पिपरा विजवार वार्ड संख्या छह के रूप में हुई है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर हत्या करने और बाद में शव को फंदे से लटका देने का आरोप लगाया है। मृतका के भाई सिकटी प्रखंड के बलीगढ़ गांव निवासी बाबुलिया ने बताया कि उनकी बहनअख्तरी खातून की शादी करीब दस वर्ष पूर्व पिपरा विजवार निवासी मो. अफसर से हुई थी। इस दंपति को तीन संतान भी हैं।भाई का आरोप है कि रविवार की रात पति सहित ससुराल वालों ने उनकी बहन के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। सूचना मिलने पर जब वे लोग पिपरा विजवार पहुंचे तो अख्तरी खातून का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद शव को नीचे उतारकर घटना की सूचना पलासी थाना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पलासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। इस संबंध में पलासी थाना के पुअनि रंजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं इस दर्दनाक घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *