पूर्णिया से तवांग तक 955 किमी की ‘शौर्य वंदन साइकिल यात्रा’ रवाना

डीआईजी मधुकर अमित और कमांडेंट जनार्दन मिश्रा ने झंडा दिखाकर दल को किया रवाना, सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश

पूर्णिया। सैनिकों के सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश को लेकर पूर्णिया डिस्ट्रिक्ट साइक्लिंग एसोसिएशन की ओर से आयोजित ‘शौर्य वंदन साइकिल यात्रा’ को आरएन साह चौक से विधिवत रवाना किया गया। इस अवसर पर एसएसबी के डीआईजी मधुकर अमित और कमांडेंट जनार्दन मिश्रा ने संयुक्त रूप से झंडा दिखाकर साइकिलिस्टों के दल को विदा किया।

सैनिकों के सम्मान का संदेश

यह साहसिक यात्रा पूर्णिया से शुरू होकर अरुणाचल प्रदेश के तवांग तक जाएगी, जिसकी कुल दूरी करीब 955 किलोमीटर है। समुद्र तल से करीब 12,500 फीट की ऊंचाई तक पहुंचने वाली यह यात्रा सात दिनों में पूरी की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य देश के सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना और युवाओं में राष्ट्रभक्ति तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना बताया गया है।

साइक्लिस्ट और क्रू मेंबर की टीम

पूर्णिया डिस्ट्रिक्ट साइक्लिंग एसोसिएशन की 10 सदस्यीय टीम इस यात्रा में शामिल है, जिसमें पांच साइक्लिस्ट और पांच क्रू मेंबर शामिल हैं। साइक्लिस्टों में राकेश कुमार पवन, विजय शंकर सिंह, राजीव रंजन सिंह उर्फ विक्की, प्रियांशु दत्त झा और सतीश चौवे शामिल हैं। वहीं क्रू मेंबर के रूप में शशांक शेखर सिंह, नागेश्वर दास उर्फ लाफिंग बुद्धा, जय सिंह, राजेंद्र मेहता और मधुकर पांडे सहयोग कर रहे हैं।

यात्रा की शुरुआत के मौके पर साइक्लिस्टों का पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस दौरान भारत माता की जय के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में पीडीएसए के सदस्य, क्रीड़ा भारती, क्रिकेट अकादमी, श्रीराम जानकी महावीर मंदिर समिति, एसएसबी और आईटीबीटी के अधिकारी एवं जवान, पत्रकार और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

पीडीएसए के मीडिया प्रभारी अधिवक्ता पवन कुमार पोद्दार ने बताया कि यह यात्रा युवाओं में साहस और देशभक्ति की भावना को प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।

इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन सिंह, राज्य उपाध्यक्ष डॉ आलोक कुमार, तौफीक आलम, एस के सरोज, अमरेंद्र कुमार यादव, अनिल लोहिया, सुनील लोहिया, राजू झा, अमित लोहिया, कृष्णा कुमार, पंकज श्रीवास्तव सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

खास बात यह रही कि इस आयोजन को लेकर उत्साह केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नेपाल से भी कुछ अतिथि पूर्णिया पहुंचे और साइकिलिस्टों का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *