जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक में पशु तस्करी रोकने, अवैध वधशालाओं पर कार्रवाई और पशु हाट के पंजीकरण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
अररिया, 14 मार्च 2026: जिले में बढ़ती पशु तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित परमान सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने की। बैठक में पशुओं के संरक्षण, तस्करी की रोकथाम और परिवहन नियमों के कड़ाई से पालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
संवेदनशील स्थानों पर बनेगा चेक पोस्ट
बैठक के दौरान जिले में हो रही पशु तस्करी पर गंभीर चिंता जताई गई। इस दौरान विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर चेक पोस्ट स्थापित करने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चिन्हित स्थानों पर शीघ्र चेक पोस्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि पशु तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
पशु परिवहन नियमों के पालन पर जोर
बैठक में पशुओं के परिवहन से जुड़े नियमों के सख्ती से अनुपालन पर भी बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पशुओं के परिवहन के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। यदि किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
गौशाला व्यवस्था और अवैध वधशालाओं पर कार्रवाई
बैठक में तस्करी के दौरान जब्त किए गए पशुओं को रखने की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पकड़े गए पशुओं में भैंसों के लिए अलग पशुशाला की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही जिले में संचालित अवैध वधशालाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही विभिन्न चौक-चौराहों और सड़कों के किनारे खुले में चल रही अवैध मीट दुकानों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त जिले में ऐसे पशु हाट की पहचान करने का निर्देश दिया गया, जिनका अब तक पंजीकरण नहीं हुआ है। संबंधित विभागों को जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और पशु क्रूरता निवारण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
