एक खबर सच्चाई की ओर
पलासी थाना क्षेत्र के कुजरी गांव में मंगलवार देर रात बंद घर में चोरी की घटना सामने आई। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता के कारण चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने चोरी किए गए सामान के साथ आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी की देर रात कुजरी गांव निवासी मो. नईमुद्दीन अपने परिवार के साथ घर में ताला बंद कर एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान लगभग साढ़े ग्यारह बजे रात में एक युवक ने उनके बंद घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
ग्रामीणों को घर के आसपास संदिग्ध गतिविधि की भनक लगी। जब लोगों ने नजदीक जाकर देखा तो घर का ताला टूटा हुआ था और एक युवक सामान समेट रहा था। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान कुजरी गांव निवासी जाहिद के रूप में हुई है।
घटना की सूचना तत्काल घर मालिक मो. नईमुद्दीन को दी गई। सूचना मिलते ही वे घर पहुंचे और देखा कि घर के भीतर रखा कई सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है तथा कुछ सामान चोरी कर लिया गया था। ग्रामीणों ने चोरी किए गए सामान के साथ आरोपी को पकड़कर रखा था।
सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घर मालिक के लिखित आवेदन पर पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवेदन में बताया गया है कि शादी समारोह में जाने के कारण घर बंद था, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी से आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीणों की तत्परता और एकजुटता के कारण बड़ी चोरी की घटना टल गई। गांव में इस कार्रवाई को लेकर लोगों ने राहत की सांस ली है।