इंडस्ट्रियल एरिया में छापेमारी, भारी मात्रा में नकली पाइप जब्त

सहरसा से बड़ी खबर सामने आई है। शहर में नामी कंपनी Prince Pipes and Fittings Ltd. के नाम पर संचालित फर्जी फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। कंपनी की शिकायत के बाद जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने पॉलिटेक्निक ढाला के समीप इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कोसी इंटरप्राइजेज नामक फैक्ट्री में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान परिसर से भारी मात्रा में नकली Prince Pipes ब्रांड के पाइप बरामद किए गए। इन पाइपों पर कंपनी का ट्रेडमार्क लगाकर बाजार में सप्लाई की तैयारी की जा रही थी। टीम ने मौके से बड़ी खेप जब्त कर ली और संबंधित दस्तावेजों को भी अपने कब्जे में लिया।

कंपनी के जांच अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी अन्य इकाई द्वारा कंपनी के नाम और लोगो का उपयोग कर पाइप बनाना सीधा ट्रेडमार्क उल्लंघन है। इससे न केवल ग्राहकों को भ्रमित किया जा रहा था, बल्कि बाजार में कंपनी की साख को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि नकली उत्पादों की सप्लाई स्थानीय बाजार से बाहर भी की जा रही थी।

वहीं फैक्ट्री संचालक ने लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि सभी उत्पाद वैध तरीके से तैयार किए जा रहे थे। हालांकि प्रशासन इस दावे की पुष्टि करने में जुटा है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह अवैध कारोबार कब से संचालित हो रहा था और इसकी सप्लाई श्रृंखला किन-किन क्षेत्रों तक फैली हुई थी। संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद इंडस्ट्रियल एरिया में अन्य इकाइयों की गतिविधियों पर भी प्रशासन की नजरें टिकी हुई हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *