जन्मदिन को सेवा और मानवता से जोड़ते हुए विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के सक्रिय सदस्य छोटू कुमार ने जरूरतमंद मरीज के लिए रक्तदान किया। यह उनका 14वां रक्तदान बताया गया है। संगठन के सदस्यों ने जन्मोत्सव के अवसर पर मरीजों के बीच फल और जूस का भी वितरण किया।
पूर्णिया। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के सक्रिय सदस्य छोटू कुमार ने अपने जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान कर जरूरतमंद मरीज की मदद की। संगठन के अनुसार, छोटू कुमार अब तक 14 बार रक्तदान कर चुके हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी संगठन के सदस्यों के साथ छोटू कुमार का जन्मोत्सव मनाने पूर्णिया राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान संगठन की ओर से उपचाररत मरीजों के बीच फल और जूस का वितरण किया जा रहा था।
इसी दौरान संगठन के सदस्यों को सूचना मिली कि कटिहार निवासी रामपाल दास, जो अपने पुत्र मंटू दास से मिलने पूर्णिया आए थे, अचानक बीमार पड़ गए। मंटू दास पूर्णिया में बिजली मैकेनिक का कार्य करते हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद रामपाल दास को लाइन बाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद मरीज को रक्त चढ़ाने की आवश्यकता बताई। मरीज का रक्त समूह बी पॉजिटिव होने के कारण परिजन रक्त की व्यवस्था को लेकर परेशान थे। इसकी जानकारी विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के पूर्णिया नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को दी।
सूचना मिलने के बाद संगठन के सदस्यों को रक्त की व्यवस्था के लिए कहा गया। इसके बाद जन्मोत्सव मना रहे छोटू कुमार ने तत्काल रक्तदान कर मरीज की मदद की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने बताया कि संगठन के सदस्य जरूरतमंदों को रक्त की आवश्यकता होने की सूचना मिलने पर सहयोग के लिए आगे आते हैं। उन्होंने कहा कि छोटू कुमार का यह 14वां रक्तदान है।
मौके पर राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, विक्की गोस्वामी, पूर्णिया जिला मंत्री अशोक कुमार, नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत, मंगल महाल्दार, विनय जायसवाल और मानिकचंद सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।