- सहरसा में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर सर्वजन दवा सेवन अभियान शुरू। डीएम दीपेश कुमार ने स्वयं दवा खाकर लोगों को जागरूक करते हुए अभियान में सहयोग की अपील की।
संवाददाता :- विकास कुमार
सहरसा: जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम की शुरुआत सदर अस्पताल परिसर में की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने स्वयं डीईसी, आइवरमेक्टिन और एल्बेंडाजोल दवा का सेवन कर किया और लोगों को अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
इस मौके पर डीएम ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जो व्यक्ति को आजीवन विकलांगता तक पहुंचा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग सामूहिक रूप से दवा का सेवन करें तो इस बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा दी जाने वाली दवा को बिना किसी डर के जरूर लें और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि अभियान के तहत प्रशिक्षित टीमों द्वारा घर-घर जाकर पात्र लाभार्थियों को दवा खिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि हर व्यक्ति तक दवा पहुंच सके।
वहीं सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि गर्भवती महिलाएं, दो वर्ष से कम उम्र के बच्चे और गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति इस दवा का सेवन नहीं करेंगे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे तथा लोगों को दवा सेवन के फायदे और सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने में सहयोग करें।