जिलाधिकारी ने समाहरणालय से दलों को दिखाई हरी झंडी, आठ प्रखंडों में टीमों की तैनाती, शिकायत के लिए नियंत्रण कक्ष और टोल फ्री नंबर जारी
अररिया। जिले में खराब पड़े चापाकलों की समस्या के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। समाहरणालय परिसर से 09 चापाकल मरम्मती दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन दलों का उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रखंडों में खराब पड़े हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कर ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इस दौरान लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पदाधिकारी और संबंधित अभियंता मौजूद रहे।
जिले के आठ प्रखंडों में तैनात किए गए मरम्मती दल
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के दोनों लोक स्वास्थ्य प्रमंडलों के अंतर्गत कुल 09 मरम्मती दलों का गठन किया गया है। इनमें लोक स्वास्थ्य प्रमंडल अररिया के अंतर्गत आने वाले पांच प्रखंड—अररिया, रानीगंज, जोकीहाट, पलासी और सिकटी—के लिए 05 दल बनाए गए हैं।
वहीं लोक स्वास्थ्य प्रमंडल फारबिसगंज के अंतर्गत चार प्रखंड—फारबिसगंज, नरपतगंज, भरगामा और कुर्साकांटा—के लिए 04 मरम्मती दल गठित किए गए हैं। इन दलों को संबंधित क्षेत्रों में खराब चापाकलों की पहचान कर तत्काल मरम्मत करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट को कम किया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि गर्मी के मौसम में चापाकलों की खराबी से लोगों को काफी परेशानी होती है, इसलिए पहले से ही व्यवस्था मजबूत करने के लिए यह पहल की गई है।
शिकायत दर्ज कराने के लिए बनाए गए नियंत्रण कक्ष
चापाकल से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सेवा केंद्र सह नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए गए हैं। लोक स्वास्थ्य प्रमंडल अररिया के अंतर्गत शिकायत दर्ज कराने के लिए 06453-350024 नंबर जारी किया गया है। वहीं लोक स्वास्थ्य प्रमंडल फारबिसगंज के लिए 06455-450119 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा केंद्रीकृत चापाकल मरम्मत टोल फ्री नंबर 18001231121 भी जारी किया गया है, जिस पर फोन कर किसी भी क्षेत्र में खराब चापाकल की जानकारी दी जा सकती है।
नियंत्रण कक्ष प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सक्रिय रहेंगे। प्रशासन का दावा है कि शिकायत मिलते ही संबंधित मरम्मती दल को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
प्रखंडवार अभियंताओं के नंबर जारी
प्रशासन ने मरम्मत कार्य में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई के लिए प्रखंडवार अभियंताओं के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए हैं। अररिया सदर प्रखंड के लिए सहायक अभियंता अमर कुमार (8340372053) तथा कनीय अभियंता दया रमण (9523430754) से संपर्क किया जा सकता है।
रानीगंज प्रखंड के लिए राहुल राज प्रसाद (9057699243) और परमेश्वर साफी (9431857331) जिम्मेदार होंगे। वहीं जोकीहाट, पलासी और सिकटी के लिए अबोध कुमार (9905476156), रितेश कुमार (7979054319), अरशद रेजा (8851608422) तथा विकास कुमार चंचल (9113419958) से संपर्क किया जा सकता है।
फारबिसगंज और कुर्साकांटा के लिए प्रवीण रंजन (9899945982), राहिल अख्तर (8809559544) और आदित्य आनंद (9709435833) को जिम्मेदारी दी गई है। भरगामा प्रखंड के लिए आलोक रंजन (6306899330) और फराज (9540147109) तथा नरपतगंज प्रखंड के लिए पंकज कुमार मंडल (9199671147) और रितेश कुमार (9199483342) से संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन का कहना है कि मरम्मती दलों की सक्रियता से जिले में खराब पड़े चापाकलों की समस्या का जल्द समाधान होगा और ग्रामीणों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
