फारबिसगंज में चेन स्नेचिंग का खुलासा, कोढ़ा गैंग का सदस्य गिरफ्तार

फारबिसगंज में महिलाओं को निशाना बना रहे शातिर गिरोह पर आखिरकार पुलिस ने कसा शिकंजा

फारबिसगंज/अररिया। फारबिसगंज में लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय कोढ़ा गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दो महिला शिक्षिकाओं से सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटने की वारदात के बाद की गई, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया था।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश साहा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 19 मार्च की शाम दीनदयाल चौक, पटुआ गोला के पास पैदल जा रही एक महिला शिक्षिका से बाइक सवार दो अपराधियों ने मंगलसूत्र छीन लिया था। इस मामले में फारबिसगंज थाना कांड संख्या 168/26 दर्ज किया गया। इसके बाद 26 मार्च को पुराना इंडियन ऑयल के पास एक अन्य महिला शिक्षिका से भी इसी तरह चेन झपट ली गई, जिसका मामला कांड संख्या 174/26 के तहत दर्ज हुआ।

सीसीटीवी से मिली बड़ी सफलता

लगातार दो घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक अररिया के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने शहर में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे अपराधियों की पहचान संभव हो सकी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने कटिहार जिले के रौतारा क्षेत्र में छापेमारी कर मुख्य आरोपी गणेश यादव को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चोरी की गई चेन को 50 हजार रुपये में बेच दिया था, जिसमें उसे 25 हजार रुपये हिस्सा मिला। खर्च के बाद उसके पास से 9 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

फरार आरोपी की तलाश जारी

इस मामले में दूसरा आरोपी सुरेंद्र यादव उर्फ सुरेन यादव अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का अपराधी है, जो नेपाल सहित कई राज्यों में आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।

इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राघवेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम के अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *