डकैता गांव में छापेमारी, 209 बोतल शराब बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार

पलासी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर डकैता गांव में छापा मारकर 62.700 लीटर नेपाली शराब जब्त की, पिता-पुत्र तस्कर गिरफ्तार।

अररिया:- जिले के पलासी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैता गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर नेपाल से शराब लाकर क्षेत्र में बेचने का आरोप है। पुलिस ने जब्त शराब को थाने लाकर मालखाना में सुरक्षित रख दिया है।

पुलिस के अनुसार, थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार यादव ने आवेदन देकर बताया कि 08 मार्च को दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस टीम संध्या गश्ती, वाहन जांच और अवैध शराब की बरामदगी के लिए इलाके में निकली थी। गश्ती के दौरान धर्मगंज में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि डकैता वार्ड संख्या 13 निवासी बालदेव मंडल और उसका पुत्र सतीश कुमार मंडल नेपाल से शराब लाकर गांव में बेच रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और थानाध्यक्ष को सूचना देने के बाद छापेमारी के लिए डकैता गांव की ओर रवाना हुई। शाम करीब 4:10 बजे पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची। पुलिस को देखते ही घर से दो लोग भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस बल की तत्परता से सतीश कुमार मंडल (30 वर्ष) को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका पिता बालदेव मंडल भागने में सफल हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद पुलिस ने घर की सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान निर्माणाधीन मकान के बाथरूम से चार प्लास्टिक बोरे बरामद हुए। जब बोरे खोले गए तो उनमें नेपाली ब्रांड ‘रेशम लीची’ शराब की बड़ी खेप मिली। गिनती करने पर कुल 209 बोतल शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा करीब 62.700 लीटर बताई गई।

पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर थाना परिसर में जमा कराया और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि इलाके में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

गिरफ्तार पिता-पुत्र तस्करों को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *