लीग प्रदर्शन और ट्रायल के आधार पर चयन
अररिया: अररिया जिला क्रिकेट संघ (ADCA) ने पुरुष सीनियर डिवीजन क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 को लेकर बड़ी घोषणा की है। चयन समिति ने हाल में संपन्न लीग मुकाबलों और एक दिवसीय चयन ट्रायल के आधार पर 37 खिलाड़ियों में से 25 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण कैंप के लिए शॉर्टलिस्ट किया है।
संघ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता दी गई। खिलाड़ियों के पिछले लीग प्रदर्शन, ट्रायल के दौरान उनकी मौजूदा फिटनेस और तकनीकी कौशल का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। चयन समिति के सदस्य दिलीप कुमार झा, ओम प्रकाश जायसवाल और रवि शंकर दास ने संयुक्त रूप से अंतिम सूची तैयार की।
चयन प्रक्रिया के दौरान जिला क्रिकेट संघ के सचिव राजेंद्र प्रसाद यादव, सत्येन शरण, उपाध्यक्ष चांद आज़मी, अनामी शंकर, तनवीर आलम और अश्वनी कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कैंप के लिए चयनित खिलाड़ी
कैंप के लिए चयनित खिलाड़ियों में उज्जवल कुमार, मो. अशफाक, आदित्य राज, सम्राट रॉय, राजा बाबू, निसार अहमद, कुमार सात्विक, अभिषेक राजा, नवनीत किसलय, श्रवण कुमार, उत्तम कुमार, इमरान बाबू, यश दास, अमन राज, अर्पित, आदर्श सिन्हा, पंकज कुमार, अमन कुमार, पंकज कुमार साह, अमरजीत साह, आयुष कुमार गुप्ता, शिवम कुमार झा, शिवम कुमार, अदनान अंजुम और अमित चौहान शामिल हैं।
18 फरवरी से शुरू होगा प्रशिक्षण कैंप
प्रशिक्षण कैंप 18 फरवरी 2026 से नेताजी सुभाष स्टेडियम, अररिया (डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एकेडमी) में आयोजित होगा। खिलाड़ियों को सुबह 9:00 बजे रिपोर्टिंग करनी होगी। संघ की ओर से निर्देश दिया गया है कि सभी खिलाड़ी सफेद गेंद और कलर ड्रेस के साथ उपस्थित हों।
संघ सचिव ने बताया कि कैंप के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीक और मैच सिचुएशन हैंडलिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कैंप समाप्त होने के बाद अंतिम जिला टीम की घोषणा की जाएगी, जो आगामी टूर्नामेंट में अररिया का प्रतिनिधित्व करेगी।
जिले में क्रिकेट को नई दिशा देने की इस पहल से युवा खिलाड़ियों में उत्साह देखा जा रहा है।