महाशिवरात्रि पर गूंजे शिवालय, उमड़ा सैलाब

अररिया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिले भर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। हर ओर “हर हर महादेव” और “ऊं नम: शिवाय” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कई मंदिरों में विशेष रुद्राभिषेक और जलाभिषेक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने विश्व प्रसिद्ध मां खड्गेश्वरी महाकाली मंदिर पहुंचकर मत्था टेका। यहां उन्होंने मां खड्गेश्वरी महाकाली एवं बाबा खड्गेश्वरनाथ महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद नानू बाबा ने एसपी को चुनरी व माला पहनाकर आशीर्वाद दिया।

पूजा के दौरान एसपी ने पहले मां काली की आराधना की, उसके बाद बाबा खड्गेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक कर आरती में शामिल हुए। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, लेकिन व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहीं।

कार्यक्रम के दौरान हेमंत कुमार हीरा द्वारा लिखित पुस्तक “नानू बाबा के द्वार” भी एसपी को भेंट की गई। इस अवसर पर नानू बाबा पूरे समय उनके साथ मौजूद रहे और मंदिर की परंपराओं की जानकारी दी।

भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिर परिसर में दर्जनों महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के कारण पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

महाशिवरात्रि के अवसर पर जिले के अन्य शिवालयों में भी दिनभर भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन होता रहा। आस्था और भक्ति के इस महापर्व ने पूरे अररिया को शिवमय कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!