ग्रीन पार्क में जला ‘दीया पूर्णिया के नाम’

पूर्णिया। जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जनमन फाउंडेशन की ओर से शहर के ग्रीन पार्क में ‘दीया पूर्णिया के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर पूर्णिया के विकास, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की दिशा पर गंभीर मंथन किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बीते 256 वर्षों में पूर्णिया ने तेजी से प्रगति की है। शिक्षा, चिकित्सा और रोड कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है। एयरपोर्ट के निर्माण से पूर्णिया को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान मिली है। लेकिन इस विकास के साथ-साथ शहर की हवा प्रदूषित होती गई है और लगातार बढ़ते कंक्रीट के जंगल चिंता का कारण बन रहे हैं।

वक्ताओं ने बताया कि शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच चुका है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक संकेत है। इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।

शौर्य राय ने कहा कि पूर्णिया को संतुलित विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

इस अवसर पर वीवीआईटी के सचिव राजेश चंद्र मिश्रा, पूर्णिया कॉलेज के अंग्रेजी व्याख्याता डॉ. सी के मिश्रा, स्वतंत्र पत्रकार गिरींद्र नाथ झा, विमल आवासीय स्कूल के निदेशक मनोरंजन कुमार, प्रसिद्ध चित्रकार राजीव राज, किशोर कुमार राय उर्फ गुल्लू दा, सुमित प्रकाश सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक दीया जलाकर पूर्णिया के उज्ज्वल भविष्य और स्वच्छ वातावरण की कामना की। यह आयोजन विकास के साथ-साथ प्रकृति के संरक्षण का संदेश देने में सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!