मासूम रजा, अररिया:
जिला अंतर्गत मदरसा हयातुल उलूम मंसूर नगर, गरगद्दी पुरंदा में एक दिवसीय इनामी मुकाबला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाफिज-ए-कुरान करीम की तिलावत, अजान प्रतियोगिता, सीरत-ए-नबी क्विज तथा फाइनल मुकाबले का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, उलेमा और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार परवेज आलम विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ कई उलेमा-ए-इकराम और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मदरसा के संस्थापक व जिला पार्षद इश्तियाक आलम ने कहा कि यह संस्थान एक छोटे से झोपड़ी से शुरू हुआ था, लेकिन समाज के सहयोग से आज लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मदरसा में कई बच्चे और बच्चियां तालीम हासिल कर रहे हैं और भविष्य में यह एक बड़ा तालीमी मरकज बनेगा।
उन्होंने कहा कि वह केवल एक रहबर की भूमिका निभा रहे हैं, असली ताकत समाज और सहयोग करने वाले लोग हैं। उनके सहयोग से मदरसा निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की कि वे अपने बच्चों को तालीम के लिए मदरसा जरूर भेजें, क्योंकि यहां दीन के साथ-साथ दूसरी जरूरी पढ़ाई भी कराई जाती है।
इश्तियाक आलम ने घोषणा की कि ईद के बाद डोडिया पंचायत पुरंदा गांव के लोगों के लिए फ्री एंबुलेंस सेवा, खाना बनाने के लिए फ्री बर्तन सेवा और जरूरतमंदों के लिए ताबूत सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब किसी गरीब परिवार को आर्थिक तंगी के कारण परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। एक कॉल पर एंबुलेंस, बर्तन और ताबूत की सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम के अंत में मदरसा की तरक्की और समाज की बेहतरी के लिए दुआ की गई।