बजट 2026-27 से आत्मनिर्भर बिहार की राह-मंत्री

आराः भारतीय जनता पार्टी भोजपुर द्वारा स्थानीय आरा परिसदन सभागार में केंद्र एवं राज्य बजट 2026-27 को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दुर्गा राज ने की। मुख्य वक्ता के रूप में बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं युवा रोजगार, कौशल विकास मंत्री संजय टाइगर ने बजट की प्रमुख बातों को विस्तार से रखा।

मंत्री संजय टाइगर ने कहा कि आत्मनिर्भरता केंद्र सरकार की आर्थिक रणनीति का मूल सिद्धांत है और केंद्रीय बजट 2026-27 घरेलू मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि बजट का उद्देश्य विकसित भारत की नींव को मजबूत करना और नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र के साथ-साथ बिहार बजट 2026-27 भी जीवन को आसान बनाने, रोजगार सृजन, कृषि उत्पादकता बढ़ाने और घरेलू क्रय शक्ति को मजबूत करने पर आधारित है। यह एनडीए सरकार की दीर्घकालिक सोच का हिस्सा है।

कौशल विकास मंत्री संजय टाइगर ने बताया कि ..

मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के बजट में बिहार को पटना में शिप रिपेयर इकोसिस्टम की सौगात मिली है। इससे नई इंडस्ट्री विकसित होगी और तकनीकी व गैर-तकनीकी दोनों प्रकार के रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि बीस नए जलमार्ग विकसित करने का प्रस्ताव है। बिहार में गंगा, गंडक, कोसी, घाघरा, सोन और पुनपुन नदी के किनारे जलमार्ग विकास पर विशेष जोर दिया गया है।

इसके अलावा वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से बिहार सहित पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के नए रास्ते खुलेंगे। मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल से ग्रामीण कुटीर उद्योगों को नया बाजार मिलेगा और पारंपरिक हुनर को मजबूती मिलेगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।

उन्होंने कहा कि एनडीए की प्राथमिकता विरासत के साथ विकास की है। बजट में दोनों पहलुओं को संतुलित रूप से आगे बढ़ाने की योजना है। नेशनल डेस्टिनेशनल डिजिटल नॉलेज ग्रिड में बिहार के प्रमुख स्थानों को शामिल किया गया है, जिससे पर्यटन, शोध, शिक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री ने बताया कि बजट में दो और तीन टियर शहरों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, बेगूसराय, गया और बिहारशरीफ जैसे शहरों के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। साथ ही राज्य के प्रत्येक जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल स्थापित करने की घोषणा की गई है, जो छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देगा।

उन्होंने जानकारी दी कि भारत सरकार के बजट 2026-27 में बिहार को कुल 1,62,142 करोड़ रुपये देने का प्रावधान किया गया है। वहीं राज्य सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 3,47,589 करोड़ रुपये का बजट पेश किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दस प्रतिशत अधिक है। मंत्री के अनुसार वर्ष 2005 की तुलना में यह बजट 11 गुना अधिक है।

राज्य बजट में नए उद्योगों की स्थापना, बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः शुरू करने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने, किसानों की आय बढ़ाने और गरीब कल्याण योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। मंत्री ने कहा कि यह बजट बिहार को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने के संकल्प को साकार करेगा।

प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष दुर्गा राज, जिला मीडिया प्रमुख संजय कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेम रंजन चतुर्वेदी, सत्यनारायण व्याहुत, आदित्य विजय प्रताप, बलराम सिंह, लव पांडेय, निशांत सेंगर, नरेन्द्र सिंह, मनीष प्रभात, मृत्युंजय तिवारी सहित कई जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!