अररिया। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर Working Digital Media Press Foundation द्वारा आयोजित “कौन बनेगी अररिया चैंपियन 2026” अभियान के तहत अररिया जिले में आयोजित की जा रही प्रखंड स्तरीय 400 मीटर बालिका दौड़ प्रतियोगिता की संशोधित समय-सारणी जारी कर दी गई है। नरपतगंज, रानीगंज और फारबिसगंज प्रखंडों में प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद अब शेष छह प्रखंडों में प्रतियोगिताओं के लिए नई तिथियां और स्थल निर्धारित किए गए हैं। जिला स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता 11 अक्टूबर 2026 को अररिया कॉलेज स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। 
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले की छात्राओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से Working Digital Media Press Foundation के बैनर तले “कौन बनेगी अररिया चैंपियन 2026” अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत अररिया जिले के विभिन्न प्रखंडों में कक्षा 6 से 10 तक की छात्राओं के लिए 400 मीटर बालिका दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की उभरती प्रतिभाओं को पहचान देना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजकों के अनुसार नरपतगंज, रानीगंज और फारबिसगंज प्रखंडों में 400 मीटर बालिका दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। अब कुर्साकांटा, सिकटी, पलासी, जोकीहाट, भरगामा और अररिया प्रखंडों में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं की तिथियों में बदलाव करते हुए नई समय-सारणी जारी की गई है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार कुर्साकांटा प्रखंड की प्रतियोगिता 20 सितंबर 2026 को सुभाष स्टेडियम, कुर्साकांटा में आयोजित होगी। इसके बाद 22 सितंबर को सिकटी प्रखंड की छात्राओं के लिए +2 उच्च विद्यालय, बरदाहा में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
पलासी प्रखंड की 400 मीटर बालिका दौड़ प्रतियोगिता 24 सितंबर को मध्य विद्यालय, भट्टाबाड़ी, धर्मगंज में आयोजित होगी। वहीं 26 सितंबर को जोकीहाट प्रखंड की प्रतियोगिता +2 हाई स्कूल, उदाहाट, जोकीहाट में निर्धारित की गई है।
इसके बाद 28 सितंबर 2026 को भरगामा प्रखंड की प्रतियोगिता +2 जवाहर उच्च विद्यालय, भरगामा में आयोजित होगी। प्रखंड स्तरीय चरण की अंतिम प्रतियोगिता 30 सितंबर 2026 को अररिया कॉलेज स्टेडियम, अररिया में आयोजित की जाएगी।
सभी प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभागियों का प्रवेश और उपस्थिति समय सुबह 8 बजे से 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। छात्राओं से निर्धारित समय के भीतर प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने की अपील की गई है, ताकि पंजीकरण और प्रतियोगिता की सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें।
इस पूरे अभियान का आयोजन Working Digital Media Press Foundation के डायरेक्टर राजीव सिंह, विकास प्रकाश, साधन यादव एवं शिवम पोद्दार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी राजीव रंजन के नेतृत्व में निभाई जा रही है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में Working Digital Media Press Foundation की तीनों इकाइयों की सक्रिय भूमिका रही है। DIGITAL PRESS CLUB™, YOUTH POWER CLUB के अध्यक्ष विवेक कुमार तथा NEW MAHILA KALYAN SAMITI की पांच सदस्यीय टीम के सहयोग और सहभागिता से कार्यक्रम को प्रखंड स्तर पर सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि इतने व्यापक स्तर पर जिले की छात्राओं के लिए खेल प्रतियोगिता आयोजित करना सभी सहयोगी संस्थाओं, पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और टीम सदस्यों के सामूहिक प्रयास से ही संभव हो पा रहा है।
अभियान का जिला स्तरीय फाइनल 11 अक्टूबर 2026 को अररिया कॉलेज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं से चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
आयोजन को लेकर यह भी विशेष संदेश दिया जा रहा है कि—
“नारी शक्ति का सम्मान, बालिका सशक्तिकरण का अभियान।”
11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से बालिका सम्मान, आत्मविश्वास और खेल प्रतिभा को एक साझा मंच प्रदान किया जाएगा।
आयोजकों ने संबंधित प्रखंडों की छात्राओं, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से संशोधित समय-सारणी के अनुसार तैयारी करने तथा निर्धारित समय पर प्रतियोगिता स्थल पहुंचने की अपील की है।