-
राजकीय आईटीआई अररिया, रानीगंज में पीएम विश्वकर्मा योजना अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया गया।
अररिया: राजकीय आईटीआई अररिया, रानीगंज परिसर में पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों के बीच प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं प्राचार्य राजीव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुधांशु कुमार (मैनेजर, बैंक ऑफ बड़ौदा), विशिष्ट अतिथि रवीन्द्र कुमार (सीएससी हेड, अररिया) तथा रंजन मिश्रा (डीपीएमयू, अररिया) मौजूद रहे।
संबोधित करते हुए प्राचार्य राजीव कुमार ने कहा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य राजीव कुमार ने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना पारंपरिक कार्य करने वाले कारीगरों को आर्थिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य उन लोगों को आगे बढ़ाना है, जो अपने हुनर और श्रम से देश के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण के बाद लाभार्थियों को टूल किट उपलब्ध कराने के साथ-साथ कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी दी जाएगी, जिससे वे अपना स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें।
प्रमाण पत्र वितरण के दौरान बैच संख्या 06 के फिशिंग नेट मेकर के 26, बैच संख्या 07 के ब्लैकस्मिथ के 22 तथा बैच संख्या 08 के फिशिंग नेट मेकर के 17 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। सभी प्रशिक्षणार्थी अररिया जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े थे और प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण देने वाले कर्मियों के साथ स्पॉक कर्मी इंद्रजीत कुमार सहित संस्थान के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।