समस्तीपुर। डॉ.राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पुसा परिसर में आयोजित पूसा कृषि मेला,2026 के अवसर पर स्टॉल संख्या 172 पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
इस अवसर पर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणाम,बच्चों के अधिकार तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करना तथा लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। वहीं कार्यक्रम में जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र, समस्तीपुर की टीम की सक्रिय भागीदारी रही। संस्था की ओर से लेखा प्रबंधक पप्पू यादव, सपोर्ट पर्सन सह पीएलवी दीप्ति कुमारी तथा एक्सेस टु जस्टिस कार्यक्रम की सामुदायिक सामाजिक कार्यकर्ता विभा कुमारी,काजल राज,ललिता कुमारी,मयंक कुमार सिन्हा,रवि कुमार मिश्रा, पैनल अधिवक्ता रेशमा जौहर, कुमारी निर्मला राय और पारा लीगल वॉलिंटियर सुनील कुमार उपस्थित रहकर आगंतुकों को बाल यौन शोषण से संरक्षण का अधिनियम,बच्चों का सुरक्षा और संरक्षण,बाल विवाह निषेध अधिनियम,बाल श्रम प्रतिषेध अधिनियम तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। मौके पर मेले में बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों,महिलाओं और युवाओं ने स्टॉल पर आकर जानकारी प्राप्त की तथा बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक रहने का संकल्प लिया।
