अररिया। जिले में पैक्स निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार, पटना की अधिसूचना संख्या नि0प्रा0/नि01-20/2024-395 दिनांक 13 फरवरी 2026 के आलोक में जिलान्तर्गत 69 पैक्सों में चुनाव निर्धारित किया गया है। इसे लेकर जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने तथा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफल निर्वाचन कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत निर्धारित प्रपत्र में सूचना का प्रकाशन 18 फरवरी 2026 को कर दिया गया है। नामांकन 06 एवं 07 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक लिया जाएगा। संवीक्षा 09 एवं 10 मार्च को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापसी एवं प्रतीक आवंटन 11 मार्च को किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान 18 मार्च 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद होगी तथा संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया 20 मार्च 2026 को समाप्त होगी।
जिले के कुल 09 प्रखंडों के 69 पैक्सों में चुनाव होना है। जोकीहाट प्रखंड में 19, पलासी में 11, कुर्साकांटा में 04, नरपतगंज में 10, अररिया सदर में 11, सिकटी में 04, रानीगंज में 06, भरगामा में 02 तथा फारबिसगंज में 02 पैक्स शामिल हैं।
प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को भयमुक्त, पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए पहले से ही विभिन्न कोषांगों का गठन कर लिया है। इनमें कार्मिक कोषांग, मतदान सामग्री कोषांग, मतपेटिका एवं मतपत्र कोषांग, वाहन कोषांग, विधि-व्यवस्था कोषांग, आदर्श आचार संहिता कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, हेल्पलाइन, जिला नियंत्रण कक्ष एवं मीडिया कोषांग शामिल हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं।
प्रखंडवार पैक्सों की सूची भी जारी कर दी गई है। जोकीहाट में बगडेहरा, वागनगर, वारा इस्तमबरार, भंसिया, भुना मजगामा, चौकता, चिल्हनिया, चिरह, डुब्बा, दभरा, गैरकी मसुरिया, हरदार, काकन, केसर्रा, कुरसैल, मटियारी, पछियारी पिपरा, प्रसादपुर एवं तारण शामिल हैं। पलासी में बरदबट्टा, बरकुम्बा, चहटपुर, धर्मगंज, कनखुदिया, मियाँपुर, नकटाखुर्द, पिपरा बिजवार, पेचैली, रामनगर व सोहन्दर शामिल हैं।
इसी प्रकार कुर्साकांटा में पहुंसी, जागीर परासी, हरिरा, डुमरिया; नरपतगंज में बड़हारा, खाब्दाह, फरही, खैरा, दरगाहीगंज, पलासी, पिठौरा, फत्तेहपुर, पथराहा, भंगही; अररिया सदर में चिकनी, झमंटा, कमलदाहा, कुसियार गांव, रामपुर मोहनपुर पश्चिम, हड़िया, शरणपुर, बनगामा, किस्मत खवासपुर, चन्द्रदेई, बेलवा; सिकटी में मुरारीपुर, बेंगा, मजरख, कौआकोह; रानीगंज में धामा, खरसाही, धोबिनिया, परमानंदपुर, मिर्जापुर, कालाबलुआ; भरगामा में भरगामा, कुशमौल तथा फारबिसगंज में रामपुर उत्तर व कुसमाहा पैक्स शामिल हैं।
प्रशासन का दावा है कि पैक्स चुनाव को लेकर सभी स्तरों पर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी हलचल तेज हो गई है और संभावित प्रत्याशी तैयारी में जुट गए हैं।