सदर अस्पताल अररिया में जीविका स्वास्थ्य सहायता केन्द्र बना सहारा

  • सदर अस्पताल अररिया में संचालित जीविका स्वास्थ्य सहायता केन्द्र अब तक 26,533 मरीजों की मदद कर चुका है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को इलाज में बड़ी राहत मिल रही है।

अररिया: जिले के सदर अस्पताल अररिया में जीविका एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल से संचालित जीविका स्वास्थ्य सहायता केन्द्र ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रहा है। 3 फरवरी 2023 को शुरू हुए इस केन्द्र के माध्यम से अब तक 26533 मरीजों को इलाज से जुड़ी सहायता प्रदान की जा चुकी है। अस्पताल परिसर में संचालित यह हेल्प डेस्क दो शिफ्टों में कार्यरत है, जहां तैनात स्वास्थ्य मित्र मरीजों और उनके परिजनों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में सहयोग कर रही हैं।

फिलहाल यहां चार स्वास्थ्य मित्र कार्यरत हैं, जो इलाज के लिए आने वाली जीविका दीदियों को पंजीकरण से लेकर डॉक्टर से परामर्श और भर्ती प्रक्रिया तक हर स्तर पर मदद देती हैं। विभाग की ओर से हेल्पलाइन 6299127130 भी जारी किया गया है, जिस पर कॉल कर अस्पताल की सेवाओं, पर्ची कटवाने, डॉक्टर से मिलने और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार समूह की बैठकों में भी इस हेल्प डेस्क की जानकारी दी जा रही है ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद महिलाएं इसका लाभ उठा सकें। सेवा शुरू होने के बाद अब जीविका दीदियों को अस्पताल में भटकना नहीं पड़ता और इलाज की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान हो गई है।

इलाज कराने आई महिलाओं का कहना है कि हेल्पलाइन के माध्यम से अस्पताल आने से पहले ही जरूरी जानकारी मिल जाती है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होती है। दूर-दराज गांवों से आने वाली अन्य महिलाओं ने भी इस पहल को उपयोगी बताया है।

विशेष बात यह है कि स्वास्थ्य मित्र इलाज के बाद भी फोन कॉल के जरिए मरीजों का फॉलोअप करती हैं, जिससे उन्हें निरंतर स्वास्थ्य सलाह और आवश्यक सहयोग मिल सके। स्वास्थ्य विभाग और जीविका की यह संयुक्त पहल जिले में महिला स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *