समस्तीपुर। मनेर विधायक सह बिहार विधानसभा लोक लेखा समिति के सभापति भाई वीरेंद्र जिला अतिथि गृह पहुंचे। जहां उनका भव्य स्वागत राजद कार्यकर्ताओं ने किया। वहीं शुक्रवार को दोपहर में अतिथि गृह के सभागार में सभापति भाई विरेंद्र ने विभिन्न विभागों से संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक में लोक लेखा की समीक्षा की एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिया।
बैठक के पूर्व प्रेस से बातचीत में भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में कानून और व्यवस्था पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। राज्य में अराजकता की स्थिति बन चुकी है और न तो मुख्यमंत्री और न ही उपमुख्यमंत्री को इस पर कोई चिंता है। लोगों को समय पर समुचित गैस सिलेंडर तथा पेट्रोल नहीं मिल रहा है। गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा ने नीतीश कुमार के साथ खेला कर दिया है। आने वाले दिनों में बिहार की सरकार आरएसएस तथा भाजपा के लोग दिल्ली से रिमोट कंट्रोल से चलाएंगे। बिहार में भय,भ्रष्टाचार एवं अराजकता का आलम है। प्रतियोगिता परीक्षाओं के पेपर प्रायः लीक हो रहे हैं। नालंदा के शीतला मंदिर में पूजा के दौरान मची भगदड़ की स्तब्ध करने वाली घटना अत्यंत हृदयविदारक है। भगदड़ की दुखद घटनाओं को प्रशासनिक मुस्तैदी और सरकार की तत्परता एव संवेदनशीलता से टाला जा सकता है। पटना में छठ पूजा के दौरान और दशहरा में पुतला दहन के दौरान ऐसी दुखद घटनाएं हो चुकी हैं पर नीतीश सरकार और उनकी प्रशासन की दृष्टि में नागरिकों की जान की कोई कीमत नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार एक अनोखा और अनूठा प्रदेश है जहां दशकों से एनडीए की डबल इंजन सरकार है।
वहीं देश का सबसे गरीब राज्य बिहार,देश में सबसे अधिक पलायन बिहार,देश में सबसे अधिक अपराध बिहार, देश में सबसे अधिक भ्रष्टाचार-बिहार, देश में सबसे अधिक बेरोजगारी बिहार, देश में सबसे अधिक बहुआयामी गरीबी-बिहार, देश में सबसे अधिक स्कूल ड्राप आउट- बिहार, देश में सबसे कम साक्षरता दर- बिहार, देश में सबसे कम प्रति व्यक्ति आय-बिहार, देश में सबसे कम किसानों की आय-बिहार, देश में सबसे कम प्रति व्यक्ति निवेश-बिहार, देश में सबसे कम प्रति व्यक्ति उपभोग-बिहार, देश में सबसे कम कंप्यूटर साक्षरता-बिहार देश में सबसे कम बिजली खपत-बिहार, देश में सबसे कम बुनियादी सुविधा-बिहार देश में सबसे कम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा-बिहार, देश में सबसे कम औद्योगिक इकाइयां-बिहार देश में सबसे कम स्कूलों में कंप्यूटर और ICT लैब-बिहार, देश में विकास के सभी सूचकांक में सबसे फिसड्डी-बिहार, देश में शिक्षा-स्वास्थ्य सेवा/सुविधा में सबसे फिसड्डी-बिहार, महंगी गैस खरीदने में आगे-बिहार, महंगी बिजली खरीदने में आगे-बिहार, महंगा पेट्रोल-डीज़ल खरीदने में आगे-बिहार, दिल्ली-मुंबई से महंगी प्रॉपर्टी और जमीन- बिहार,21 वर्षों की एनडीए सरकार में बिहार विकास के सभी मानकों, मानदंड और सूचकांक में सबसे फिसड्डी है लेकिन इन शर्मनाक तथ्यों और रैंकिंग पर किसी की कभी कोई जवाबदेही नहीं, बस पलटा-पलटी, प्रशासनिक तंत्र, सरकारी खजाने से वोट खरीदी, वोट की लूट और जातिवाद के सहारे कथित सुशासनी लोग सत्ता का आनंद भोग रहे है।
मौके पर राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती, जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष रामविनोद पासवान, राजद दलित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सत्यविंद पासवान, कार्यालय सचिव रोशन यादव, राजद किसान सेल के प्रदेश महासचिव हरेंद्र कुमार, पैक्स अध्यक्ष नागमणि, जिला राजद नेता जयशंकर राय, जिला महासचिव मो.परवेज आलम, प्रखंड अध्यक्ष संतोष कुमार यादव, जिला महासचिव मनोज कुमार राय, जिला सचिव जयलाल राय, समाजसेवी आलोक सिंह, अधिवक्ता आलोक राज आदि मौजूद थे। विधायक सह लोक लेखा समिति के सभापति भाई वीरेंद्र ने राजद प्रखंड महासचिव रंजीत कुमार रंभू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।