पटना से बाइक पार्ट्स खरीदकर लौट रहे युवक को दो गोलियां मारी गईं, पुलिस कारण और हमलावरों की तलाश में जुटी
आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र के पश्चिम टोला मोहल्ले में बुधवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने एक बाइक सर्विसिंग मैकेनिक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान चौधरीयाना मोहल्ला वार्ड संख्या-9 निवासी मो. अफरोज के रूप में हुई है। वह मो. सगीर का 22 वर्षीय पुत्र था और बाइक सर्विसिंग का काम करता था। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार मो. अफरोज बुधवार की सुबह ट्रेन से पटना गया था। वहां से वह बाइक सर्विसिंग से जुड़े पार्ट्स खरीदकर देर रात आरा लौटा। ट्रेन से उतरने के बाद वह पश्चिम टोला मोहल्ले से होकर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में कुछ लोगों के बीच झगड़ा हो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसी बीच हथियारबंद बदमाशों ने अफरोज को निशाना बनाते हुए उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
अफरोज को दो गोलियां लगीं। एक गोली उसके बाएं हाथ में और दूसरी सीने के नीचे पंजरी के पास लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर लौटते समय वारदात, हत्या का कारण अब तक साफ नहीं
घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अफरोज को किसने और क्यों गोली मारी। यह भी सामने नहीं आया है कि बदमाशों का झगड़ा उसी से था या वह अचानक हिंसा की चपेट में आ गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है।
सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मोहल्ले में पसरा मातम
मो. अफरोज अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे स्थान पर था। परिवार में मां रजिया परवीन, भाई समीर और बहनें मुस्कान तथा नाहिद हैं। बेटे की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया है। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पश्चिम टोला और चौधरीयाना मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।