गैस आपूर्ति पर डीएम सख्त, 212 शिकायतों की समीक्षा

अररिया में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी विनोद दूहन ने जिला नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण कर उपभोक्ताओं से जुड़ी शिकायतों के निष्पादन की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और हर शिकायत का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।

जिला नियंत्रण कक्ष में 17 मार्च से 31 मार्च 2026 के बीच कुल 212 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 166 शिकायतों का समाधान कर दिया गया है, जबकि शेष 46 मामलों को संबंधित गैस एजेंसियों के एरिया मैनेजर को भेजते हुए जल्द निपटारे का निर्देश दिया गया है। डीएम ने लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेही तय करने की भी चेतावनी दी।

शिकायतों के निपटारे पर फोकस
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तय समय सीमा में उसका निष्पादन किया जाए। साथ ही शिकायतों की निगरानी के लिए नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करने को भी कहा गया, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।

गैस एजेंसियों पर छापेमारी तेज
इधर जिला आपूर्ति कार्यालय की ओर से जिले की 38 गैस एजेंसियों पर छापेमारी की गई। इस दौरान एजेंसियों में रसोई गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, वितरण प्रणाली और स्टॉक की स्थिति की जांच की गई। सभी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। आम जनता से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06453-222309 पर संपर्क करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर शिकायत का त्वरित समाधान किया जाएगा और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *