ट्रक ड्राइवर की बेटी ने रचा इतिहास,सूबे में छठा स्थान प्राप्त कर बढ़ाया क्षेत्र व जिला का मान

विद्यापतिनगर/समस्तीपुर। प्रखंड अंतर्गत आदर्श राजकीय माध्यमिक विद्यालय,कांचा की छात्रा मौसम कुमारी ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी माध्यमिक परीक्षा परिणाम में 97 प्रतिशत अंक लाकर सूबे बिहार में छठा रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया हैं। मौसम कुमारी को वर्ष 2026 के मैट्रिक परीक्षा में कुल 485 अंक मिला है। जिससे घर, स्कूल एवं ग्रामीणों में खुशी का माहौल व्याप्त है। स्टेट टॉपर में छठा स्थान प्राप्त करने वाली मौसम कुमारी प्रखंड अंतर्गत बंगराहा पंचायत के वार्ड संख्या 05 स्थित चकुम्मर गांव निवासी देवनारायण राय की पुत्री हैं। उनके पिता पेशे से ट्रक चालक हैं और माता सीता देवी गृहिणी हैं। बताते हैं कि सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने उनकी मेधा को देखते हुए उनकी पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया। अपनी सफलता पर मौसम कुमारी ने बताया कि वह आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं और देश-समाज की सेवा करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय गुरुजनों के मार्गदर्शन,उनके आशीर्वाद और परिवार के सहयोग को दिया। मौसम के अनुसार, नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास ही उनकी सफलता की कुंजी रहे। उधर विद्यालय के शिक्षकों ने भी मौसम की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। शिक्षकों का कहना है कि मौसम शुरू से ही मेधावी और मेहनती छात्रा रही हैं। उनकी सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मौसम की इस सफलता से उनके परिवार में खुशी का माहौल है,वहीं पूरे गांव में भी उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मौसम कुमारी की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। मौसम तीन भाई बहन में सबसे बड़ी है। मौसम की सफलता पर उसकी माता ने मिठाई खिलाकर ख़ुशी जताई है। उसके दादा राम बाबू राय,बीईओ डॉ.प्रभात रंजन,विद्यालय प्रधान राज कुमार झा,किरानी अमर कुमार, मुखिया रंजीत कुमार,पूर्व मुखिया रामाकांत राय,डा. अरविंद राय,उपेंद्र राय सहित ग्रामीणों और शिक्षकों ने बधाई दी है। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरा विद्यापतिनगर क्षेत्र उत्साहित है।

संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *