बेगूसराय। जिले के नावकोठी प्रखंड अंतर्गत पहसारा बभनगामा गांव में आयोजित पंचमुखी हनुमान रक्षा कवच महायज्ञ में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रखंड प्रमुख अनिता देवी एवं श्याम नंदन सिंह सहित अन्य ने हवन पूजन कर आहुति दी।
इस अवसर गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान,विधायक चेरियाबरियारपुर अभिषेक आनंद सहित अन्य गणमान्य को यज्ञ समिति के सदस्यों ने सम्मानित किया। यज्ञ का शुभारंभ अग्नि प्रकट कर किया गया। विशाल यज्ञशाला में सैकड़ों भक्तजनों ने हवन कुंड में आहुतियां डाली। इस अवसर पर आचार्य विष्णु त्रिपाठी एवं विकास कुमार शुक्ल शास्त्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को बताया कि हमें भगवान राम के आदर्श को जीवन में उतारना चाहिए। उनके आदर्श को आत्मसात कर जीवन सार्थक हो जायेगा।अयोध्या धाम के तपोमूर्ति संत परमपूज्य दिव्यानंद जी महाराज के सानिध्य में चल रही पंचमुखी हनुमत रक्षा कवच यज्ञ में श्रीमद्भागवत कथा में कथा वाचक आचार्य प्रद्युम्न जी महाराज ने कथा में बताया कि अपने जीवन में भगवान की भक्ति कैसे प्राप्त करें। पूज्य महाराज जी ने बताया कि मां बाप की सेवा जीवन का परम धर्म है, यदि हम माँ बाप की सेवा, संतो की सेवा, भगवत भक्ति, दान, यज्ञ नहीं किए तो मानव और पशु में कोई अंतर नहीं है। महाराज जी ने धुंधकारी का प्रसंग भी सुनाया। धुंधकारी मां बाप की बात नहीं मानी और उसकी दुर्गति को बताते हुए महाराज जी ने बताया कि मां बाप की सेवा ही जीवन का धर्म है। श्रीमद्भागवत कथा से सनातन धर्म की जागृति होती है.हमें धर्म की मर्यादा की शिक्षा मिलती है। कथा श्रवण करने पर समस्त जनता जनार्दन में भक्ति का माहौल देखा गया। ऑर्गन कलाकार मोनू ओझा, तबला वादक शिव पूजन, पैड पर संजय मिश्रा टीम के भक्ति संगीत से माहौल पूरे भक्तिमय हो गया। मौके पर पूर्व विधायक श्रीकृष्ण सिंह, संजीव कुमार, श्यामनंदन सिंह, शिवम वत्स, घनश्याम, टुन्नी सिंह, मुकेश कुमार, अमित कुमार फूचो, राहुल कुमार, चंदन, रामू, राकेश, रामानंद, उपेंद्र सिंह, दरेश सिंह सहित कई लोग शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था हेतु नावकोठी के पुलिस पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक तैनात थे।