पलासी में घोषित हुए सभी परिणाम, कई जगहों पर बड़े अंतर से जीत दर्ज, दो पैक्स पहले ही निर्विरोध

पलासी/अररिया। जिले के पलासी स्थित +2 लालबहादुर शास्त्री उच्च विद्यालय में 9 पैक्सों के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी के अनुसार सभी केंद्रों पर प्रशासन की निगरानी में मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी कराई गई। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

कई पैक्सों में बड़े अंतर से जीत, परिणाम स्पष्ट
घोषित परिणामों में धर्मगंज पैक्स से आकेश्वर मंडल ने 304 मतों के अंतर से प्रकाश यादव को पराजित किया। आकेश्वर मंडल को 626 मत मिले, जबकि प्रकाश यादव को 322 मत प्राप्त हुए। बरदबट्टा पैक्स में पूर्व अध्यक्ष संतोष कुमार मंडल ने 1206 मत हासिल कर सुखदेव मंडल को 591 मतों से हराया, जबकि दाबर को 381 मत मिले। मियांपूर पैक्स में अलीम उद्दीन ने 471 मतों के अंतर से मो जुबेर को पराजित किया।

पिपराविजवार पैक्स से अजित कपूर राही ने दयानंद चौधरी को 191 मतों से हराया। कनखुदिया पैक्स में मुकाबला बेहद करीबी रहा, जहां शिवानंद यादव ने मात्र 29 मतों से युगेश्वर चौधरी को पराजित किया। ब्रहकुम्बा पैक्स में आशुतोष कुमार ने 109 मतों से युगल किशोर यादव को हराया।

महिला उम्मीदवार की जीत समेत अन्य नतीजे
रामनगर पैक्स से बीबी जोहरा ने 210 मतों के अंतर से मो वसीक को पराजित कर जीत दर्ज की। नकटाखुर्द पैक्स में प्रदीप कुमार यादव ने 524 मतों के बड़े अंतर से मदन यादव को हराया। पेचैली पैक्स से मुस्ताक ने 249 मतों से रागीव को पराजित किया।

वहीं सोहंदर पैक्स से वर्तमान अध्यक्ष योगेंद्र यादव और चहटपुर पैक्स से नवाजिस पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। कुल मिलाकर सभी पैक्सों के परिणाम घोषित होने के साथ ही चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। प्रशासन ने मतगणना में सहयोग के लिए सभी कर्मियों और मतदाताओं का आभार जताया।

दिलीप बिश्वास की रिपोर्ट

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!