समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में मुख्यमंत्री का अररिया दौरा, विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक का कार्यक्रम तय।
अररिया।
समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार 11 मार्च को अररिया पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शहर के कई प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती की गई है।
मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम अररिया आरएस स्थित एएनएम, जीएनएम एंड पारा मेडिकल इंस्टीट्यूट परिसर के समीप मैदान में आयोजित होगा। यहां मंच और पंडाल निर्माण के साथ विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं, जहां राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्यमंत्री इन स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी लेंगे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जिले को लगभग 546 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 331 करोड़ रुपये की 6 नई योजनाओं का शिलान्यास, 157 करोड़ रुपये की लागत से बनी पुलिस लाइन सहित करीब 50 योजनाओं का उद्घाटन तथा 58 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं का कार्यारंभ शामिल है।
हरियाबाड़ा में 54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक पुलिस लाइन का उद्घाटन भी कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा होगा। इसके अलावा 30 करोड़ रुपये की लागत से बने एएनएम, जीएनएम एंड पारा मेडिकल इंस्टीट्यूट भवन का भी उद्घाटन किया जाएगा। इस भवन की आधारशिला वर्ष 2017 में रखी गई थी।
इसके साथ ही कोशी डेयरी प्रोजेक्ट पूर्णिया के अधीन दुग्ध शीतक केंद्र, जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत पंचायत सरकार भवन और तालाब के जीर्णोद्धार जैसे कार्यों का भी अवलोकन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अररिया कॉलेज स्टेडियम में जनसंवाद भी प्रस्तावित है, जहां मुख्यमंत्री विकास योजनाओं पर लोगों से संवाद करेंगे। इसके बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री अररिया से किशनगंज के लिए रवाना होंगे। प्रशासनिक स्तर पर दौरे को लेकर सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।