मुंबई।
पवित्र माहे रमजान के अवसर पर मुंबई में एक ऐसी मुलाकात देखने को मिली, जिसने भाई-बहन के रिश्ते और आपसी मोहब्बत की खूबसूरत मिसाल पेश की। वर्ल्ड पीस हार्मनी के चेयरमैन शकील सैफी की मुलाकात मशहूर टीवी प्रोड्यूसर एकता कपूर और लोकप्रिय बॉलीवुड-टीवी अभिनेत्री अनीता हसनंदानी से हुई। इस दौरान तीनों के बीच आत्मीय बातचीत हुई और समाज में प्रेम, भाईचारे और सकारात्मकता के संदेश पर चर्चा की गई।
यह मुलाकात इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि एकता कपूर और शकील सैफी के बीच लंबे समय से भाई-बहन का रिश्ता चला आ रहा है। हर साल रक्षाबंधन के मौके पर एकता कपूर, डॉ. सैफी को राखी बांधती हैं और उन्हें अपना भाई मानती हैं। यही आत्मीय संबंध रमजान के पवित्र महीने में हुई इस मुलाकात के दौरान भी साफ तौर पर झलकता नजर आया।
बताया गया कि मुलाकात के दौरान फिल्म और टेलीविजन जगत से जुड़े कई विषयों के साथ-साथ समाज में सद्भाव और एकता को मजबूत करने को लेकर भी विचार साझा किए गए। तीनों के बीच हुई यह मुलाकात काफी गर्मजोशी भरी और यादगार रही।
इस मौके पर शकील सैफी ने कहा कि रमजान का महीना इंसानियत, रहमत और मोहब्बत का संदेश देता है। उनके अनुसार इस पवित्र समय में अपनों से मुलाकात रिश्तों को और मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि एकता कपूर और अनीता हसनंदानी से मुलाकात बेहद सुखद रही और दोनों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमेशा दुआ की जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज में प्यार, भाईचारा और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना आज की बड़ी जरूरत है। फिल्म और टीवी जगत की लोकप्रिय हस्तियों के साथ हुई यह मुलाकात इसी संदेश को आगे बढ़ाने का एक माध्यम बनी।
रमजान के पवित्र माहौल में हुई यह मुलाकात न केवल भाई-बहन के रिश्ते की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोग जब एक साथ आते हैं तो समाज में सौहार्द और एकता का संदेश और मजबूत होता है।